- मुबारकपुर पिकार की एससी बस्ती का मामला
- डीह बाबा स्थल और पानी की टंकी पर उगी घनी झाड़ियां
- सांप-बिच्छू के डर से श्रद्धालु और ग्रामीण परेशान
आलापुर (अम्बेडकरनगर)। विकासखंड जहांगीरगंज के मुबारकपुर पिकार स्थित एससी बस्ती में डीह बाबा स्थल की सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। परिसर, पानी की टंकी और सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में सांप-बिच्छू निकलने का भय बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती के बावजूद नियमित सफाई नहीं कराई जाती। न तो सार्वजनिक स्थलों से झाड़ियां हटाई जा रही हैं और न ही कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, डीह बाबा स्थल पर प्रतिदिन लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। वहीं स्थित पानी की टंकी से पूजा के लिए पानी भी लिया जाता है, लेकिन टंकी के आसपास उगी घनी झाड़ियों के कारण वहां पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर फैली घास से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।









