लखनऊ के 40 से ज्यादा इलाकों में आज बिजली कटौती

डेढ़ लाख उपभोक्ता होंगे प्रभावित- बिजली लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई के लिए अलग-अलग फीडरों पर शटडाउन

लखनऊ। बिजली लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की कटाई-छंटाई के चलते बुधवार को राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग ने विभिन्न फीडरों पर निर्धारित समय के लिए शटडाउन लेने की जानकारी दी है। इससे शहर के 40 से अधिक मोहल्लों और करीब 1.5 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं के प्रभावित होने की संभावना है।

गोमतीनगर के विश्वास खंड उपकेंद्र के 11 केवी वीआईपी फीडर की बिजली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। वहीं गोमतीनगर विस्तार के 11 केवी गंगोत्री विहार फीडर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान अवधपुरी खंड-दो, कौशलपुरी, संकट मोचन मंदिर और गंगोत्री विहार फेज-दो क्षेत्र प्रभावित होंगे।

विभूति खंड में तीन घंटे का शटडाउन

विभूति खंड के इंडियन ऑयल फीडर की बिजली सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। इसके चलते मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, लोकायुक्त, भविष्य निधि कार्यालय, इंडियन ऑयल और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

बाघामऊ में 1300 उपभोक्ता प्रभावित

बाघामऊ फीडर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक शटडाउन रहेगा। इससे खरगापुर, बाघामऊ, लोनापुर, चंदियामऊ, बहादुरपुर, भैसोरा और मदर टेरेसा क्षेत्र के करीब 1300 उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।

वहीं विपिन खंड के 11 केवी सब स्टेशन फीडर की आपूर्ति सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान विश्वास खंड के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

मरम्मत कार्य के चलते लिया गया शटडाउन

बिजली विभाग के मुताबिक अलग-अलग क्षेत्रों में लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई का काम कराया जाना है। इसी वजह से फीडरवार शटडाउन निर्धारित किया गया है। विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी बिजली संबंधी काम पहले निपटाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button