अंबेडकरनगर। अकबरपुर स्थित वृद्धाश्रम में बुधवार को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों को लेकर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीलम वर्मा ने वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ वृद्धजनों ने पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं कुछ ने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं होने की समस्या बताई।
बातचीत में सामने आई पेंशन और स्वास्थ्य की समस्या
निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धजनों से बातचीत कर भोजन, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। वृद्धजनों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। पेंशन नहीं मिलने और नियमित स्वास्थ्य जांच न होने की शिकायत पर सचिव ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वृद्धाश्रम प्रबंधन को समाज कल्याण विभाग से पत्राचार कर पात्र वृद्धजनों को पेंशन और अन्य लाभ दिलाने को कहा गया। चिकित्सा विभाग से समन्वय कर सभी वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच कराने और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी पढ़े : https://www.tamsasanket.com/iti-akbarpur-rozgar-mela-438-youth-selected/
रामसुंदर ने कहा- घर जाना है
निरीक्षण के दौरान रामसुंदर ने अपने घर लौटने की इच्छा जताई। इस पर सचिव ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को निर्देश दिया कि जो वृद्धजन अपने घर जाना चाहते हैं, उन्हें घर भेजने की आवश्यक व्यवस्था की जाए।
वहीं बलराम ने अपने मुकदमे की पैरवी के लिए निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की मांग की। सचिव ने निर्देश दिया कि निशुल्क विधिक सहायता की जरूरत वाले वृद्धजनों के प्रार्थना पत्र तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय भेजे जाएं।









