अकबरपुर (अंबेडकरनगर)। स्वच्छता ही सेवा-2026 महाभियान के तहत गुरुवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने तमसा मार्ग स्थित डॉ. ए.के. पब्लिक स्कूल में ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों को कचरा पृथक्कीकरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों ने कचरे की पहचान कर उसे निर्धारित डस्टबिन में डालने का अभ्यास भी किया।
चार डस्टबिन में अलग-अलग कचरा रखने की जानकारी
कार्यक्रम में स्रोत पर ही कचरा अलग करने के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को चार डस्टबिन के इस्तेमाल के बारे में बताया गया। हरे डिब्बे में गीला कचरा, नीले में सूखा कचरा, लाल में स्वास्थ्य संबंधी अपशिष्ट और काले डिब्बे में विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट रखने की जानकारी दी गई।
बच्चों को फल-सब्जियों के छिलके, बचा भोजन और बगीचे के कचरे को गीले कचरे में रखने को बताया गया। कागज, प्लास्टिक, कांच, धातु और गत्ते को सूखे कचरे के रूप में अलग करने की जानकारी दी गई। इस्तेमाल किए गए मास्क, दस्ताने, नैपकिन, डायपर और पैड को लाल डिब्बे में रखने को कहा गया। रसायन, पेंट, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक कचरा और सिरिंज जैसे अपशिष्ट के लिए काले डिब्बे की जानकारी दी गई।
कचरा पहचान प्रतियोगिता में टीम सरस्वती अव्वल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच कचरा पहचान प्रतियोगिता कराई गई। इसमें टीम अनुष्का, टीम सरस्वती और टीम अनवर ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को कचरे की पहचान कर उसे सही डस्टबिन में डालना था। टीम सरस्वती ने 205 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-nikay-cleanliness-review/#google_vignette
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। उन्होंने विद्यालय और शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया।









