नशे में मिला ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट का पायलट, एअर इंडिया ने किया सस्पेंड

टेकऑफ से पहले अल्कोहल टेस्ट में हुई पुष्टि, स्विट्जरलैंड में ही विमान से उतारा गया पायलट

नई दिल्ली। एअर इंडिया ने ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट के एक पायलट को उड़ान से पहले नशे में पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया है। मामला 6 सितंबर का है। टेकऑफ से पहले अनिवार्य अल्कोहल टेस्ट में पायलट के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे विमान से उतार दिया गया। जांच पूरी होने तक उसका निलंबन जारी रहेगा।

ग्राउंड स्टाफ को आई शराब की गंध

जानकारी के मुताबिक, ज्यूरिख एयरपोर्ट पर AI-151 फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले ग्राउंड स्टाफ को पायलट से शराब की गंध आई। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद पायलट का अनिवार्य अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। पायलट को विमान से उतार दिया गया और बाद में उसी फ्लाइट से भारत भेजा गया।

पायलट के विमान से हटाए जाने के कारण AI-151 ज्यूरिख-दिल्ली फ्लाइट तय समय पर संचालित नहीं हो सकी।

एअर इंडिया की जीरो टॉलरेंस नीति

एअर इंडिया ने मामले पर कहा कि सुरक्षा, नियमों या प्रोटोकॉल के किसी भी उल्लंघन को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। एयरलाइन के मुताबिक, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है। सभी क्रू मेंबर्स को उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एयरलाइन समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाती है।

यह भी पढ़े : https://www.tamsasanket.com/mandla-ganesh-pandal-electric-shock-4-dead/

स्विट्जरलैंड में भी हुई कार्रवाई

स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) ने भी मामले की पुष्टि की है। FOCA के अनुसार, पायलट के खिलाफ स्विट्जरलैंड के नियमों के तहत कार्रवाई की गई और इसकी जानकारी भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दी गई।

भारत से उड़ान भरने वाले पायलटों के लिए उड़ान से पहले ड्रग और अल्कोहल टेस्ट अनिवार्य है। वहीं, विदेश से भारत आने वाली उड़ानों में आमतौर पर टेस्ट लैंडिंग के बाद किया जाता है।

फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में भी सामने आया था मामला

एअर इंडिया में पायलट से जुड़े नियमों के उल्लंघन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 4 अगस्त को फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के कमांडर पायलट का ड्रग टेस्ट दो बार पॉजिटिव आया था।

जानकारी के मुताबिक, उस फ्लाइट में विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था। विमान में 145 लोग सवार थे। घटना में 20 से अधिक यात्री और चार क्रू मेंबर घायल हुए थे। पायलट ने बताया था कि उसे नींद से जुड़ी समस्या थी और वह डॉक्टर की सलाह पर दवा ले रहा था। उसके मुताबिक, सोने की कोशिश के बावजूद नींद नहीं आई, जिसके बाद उसने दवा ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button