बारिश से रहीमाबाद में जनजीवन प्रभावित, कच्चे मकान ढहे

48 घंटे की बारिश से जगह-जगह जलभराव, कई परिवार बाल-बाल बचे

रहीमाबाद। इलाके में पिछले 48 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं तेज हवा के साथ कच्चे मकानों के ढहने से ग्रामीण परिवारों की चिंता बढ़ गई है। बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है।

भतोइया में कच्चा मकान गिरा

रहीमाबाद के भतोइया गांव में लगातार बारिश के चलते रणधीर सिंह का कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने से घर में रखा कई घरेलू सामान खराब हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य दूसरे मकान में मौजूद थे। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

मनकौटी में भी ढहा मकान

तेज हवा के साथ हुई बारिश का असर मनकौटी गांव में भी देखने को मिला। यहां राजू, रूपेश और सूरज का कच्चा मकान अचानक ढह गया। घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य पास में सो रहे थे, जो बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मकान के मलबे में घरेलू सामान दब गया।

कच्चे मकानों में रहने वाले परिवार चिंतित

लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज बारिश और हवा के बीच मकानों की हालत को लेकर डर बना हुआ है। कई परिवार बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं ताकि घरों और आसपास के हालात का जायजा लिया जा सके।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ram-govind-chaudhary-last-farewell-akhilesh/

पेड़ की डाल गिरने से आवागमन प्रभावित

बारिश और तेज हवा के बीच एबीसी लाइन पर सागवान के पेड़ की डाल गिर गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ। रास्ते पर अवरोध के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार खराब मौसम के चलते ग्रामीण इलाकों में लोगों को जरूरी काम के लिए भी घरों से निकलने में दिक्कत हुई।

शनिवार को भी जारी रहा बारिश का सिलसिला

शनिवार को भी इलाके में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के कारण मौसम ठंडा रहा और सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। लगातार बारिश को देखते हुए कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों में किसी अनहोनी को लेकर चिंता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button