लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी को शनिवार को अंतिम विदाई दी गई। लखनऊ में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अखिलेश यादव भावुक नजर आए। उन्होंने राम गोविंद चौधरी के निधन को समाजवादी आंदोलन और पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया।
समाजवादी आंदोलन की एक पीढ़ी का हिस्सा थे
अखिलेश यादव ने कहा कि राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के उन नेताओं में शामिल रहे, जिन्होंने शुरुआती दौर में समाजवाद की पहचान मजबूत करने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने कहा कि सदन में राम गोविंद चौधरी को कई भूमिकाओं में देखने का अवसर मिला। वह मंत्री रहे, नेता जी के साथ रहे और बाद में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई।
अखिलेश ने कहा कि सरकार को घेरने या अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने की बात हो तो राम गोविंद चौधरी अपने अलग अंदाज में मजबूती से पक्ष रखते थे। बलिया की धरती से निकलकर उन्होंने समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया।
गरीब, किसान और कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहे
सपा मुखिया ने कहा कि राम गोविंद चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन में गरीबों, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि चौधरी ने कभी दूसरी चीजों की परवाह नहीं की और लगातार उन लोगों के साथ खड़े रहे, जिन्हें मदद और आवाज की जरूरत थी। उनके निधन के बाद पार्टी और समाजवादी आंदोलन से जुड़े लोगों को उनकी कमी महसूस होगी।
सितंबर 2025 में अस्पताल पहुंचकर मिले थे अखिलेश
राम गोविंद चौधरी के निधन से पहले सितंबर 2025 में भी अखिलेश यादव उनसे मिलने लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल पहुंचे थे। उस समय राम गोविंद चौधरी अस्पताल में भर्ती थे। मुलाकात के दौरान उन्होंने बिस्तर पर रहते हुए डॉक्टरों से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए चुनाव जीतने की बात कही थी। उनका यह वीडियो और बयान उस समय चर्चा में आया था।
80 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
यूपी विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार देर रात लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGI) में निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। बताया गया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उनके परिवार में पत्नी कलावती देवी और एक बेटा है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/thelyson-orelien-ai-goncourt-award/#google_vignette
दयाशंकर सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि
राम गोविंद चौधरी के अंतिम दर्शन के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी रही। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
योगी और शिवपाल ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राम गोविंद चौधरी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मंत्री का निधन बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी राम गोविंद चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उनके निधन के साथ ही समाजवादी राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे एक वरिष्ठ नेता का राजनीतिक सफर समाप्त हो गया।









