रात की ट्रेनों में बढ़ेगा जीआरपी का पहरा, एसपी ने दिए एस्कॉर्ट बढ़ाने के निर्देश

रात की ट्रेनों में बढ़ेगा जीआरपी का पहरा, एसपी ने दिए एस्कॉर्ट बढ़ाने के निर्देश

अंबेडकरनगर। ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अब रात के समय जीआरपी का पहरा और कड़ा होगा। राजकीय रेलवे पुलिस लखनऊ के पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने शनिवार को जीआरपी थाना अकबरपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं और यात्री सुरक्षा की समीक्षा के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रात में ट्रेनों में एस्कॉर्ट बढ़ाने और जवानों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने सबसे पहले थाने के सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह और कार्यालय के अभिलेखों का निरीक्षण किया। लंबित विवेचनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।

महिला यात्रियों की सहायता पर विशेष जोर

महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एसपी ने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने महिला यात्रियों की शिकायतों और जरूरतों पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा उनके साथ नम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए।

इसके बाद जीआरपी जवानों के साथ बैठक कर एसपी ने रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

प्लेटफॉर्म से वेटिंग हॉल तक देखी व्यवस्था

थाने के निरीक्षण के बाद एसपी ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और वेटिंग हॉल की व्यवस्थाएं देखीं। बारिश के मौसम को देखते हुए थानाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा को स्कॉट ड्यूटी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

एसपी ने रात के समय ट्रेनों में एस्कॉर्ट बढ़ाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जीआरपी के जवान ट्रेनों में लगातार सक्रिय रहें और यात्रियों की सुरक्षा पर नजर रखें।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/shiv-baba-dham-safai-abhiyan/#google_vignette

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button