श्रमिकों का बनेगा डिजिटल प्रोफाइल, रोजगार की राह होगी आसान

बनियानी में श्रम विभाग का जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर, मौके पर बने ई-श्रम कार्ड; डिजिटल लेबर चौक ऐप से जोड़ा

अंबेडकरनगर। बसखारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनियानी में सोमवार को श्रम विभाग की ओर से श्रमिक जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर लगाया गया। इसमें श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ा गया। शिविर में नए श्रमिकों का पंजीकरण किया गया और पात्र श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बनाए गए।

श्रम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) की योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रमिकों को बताया गया कि पंजीकरण के बाद उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के लिए किन प्रक्रियाओं को पूरा करना होता है। पुराने पंजीकृत श्रमिकों को नवीनीकरण की प्रक्रिया भी समझाई गई।

शिविर में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना की पात्रता और पंजीकरण प्रक्रिया पर भी जानकारी दी गई। श्रमिकों को योजना से संबंधित जरूरी प्रक्रिया समझाई गई।

ऐप से रोजगार की जानकारी पर जोर

शिविर में यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप को लेकर श्रमिकों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। श्रमिकों के मोबाइल में मौके पर ही ऐप डाउनलोड कराया गया। प्रोफाइल पूरी करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। विभाग की ओर से ऐप की डिजिटल सुविधाओं और रोजगार से जुड़ी जानकारी के बारे में बताया गया। इससे श्रमिकों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध अवसरों की जानकारी लेने की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/seva-sankalp-bhiyanv-competition/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button