लखनऊ। स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को लखनऊ में SGPGI की ओर से ‘पिंक वेव-2026’ वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस दौरान 500 से ज्यादा महिलाओं ने गुलाबी परिधान में हिस्सा लेकर लोगों को स्तन कैंसर की समय पर पहचान और जागरूकता का संदेश दिया।
वॉकथॉन में महिलाओं के साथ छात्राएं, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने पिंक टी-शर्ट, पिंक कैप और पिंक रिबन पहनकर कार्यक्रम के प्रति समर्थन जताया।
1090 चौराहे से शुरू हुई वॉकथॉन
वॉकथॉन की शुरुआत वीमेन पावर लाइन 1090 चौराहे से हुई। प्रतिभागी फूड वैली और समता मूलक चौराहे से होते हुए वापस वीमेन पावर लाइन चौराहे पहुंचे।
पूरे रास्ते प्रतिभागियों ने स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को बीमारी के प्रति सजग करना और समय पर जांच व चिकित्सकीय सलाह के महत्व को सामने लाना रहा।
पिंक ड्रेस और रिबन में नजर आईं महिलाएं
वॉकथॉन में शामिल महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों ने पिंक ड्रेस, टी-शर्ट और कैप पहनी हुई थी। सभी ने पिंक रिबन भी लगाया। गुलाबी रंग के जरिए स्तन कैंसर जागरूकता अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों की भागीदारी भी देखने को मिली। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और बीमारी के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया।
विंटेज कारों की रैली ने खींचा ध्यान
‘पिंक वेव-2026’ के साथ विंटेज कार रैली भी आयोजित की गई। इसमें एक दर्जन से अधिक पुरानी और आकर्षक कारों ने हिस्सा लिया। ‘Drive the Message Through Lucknow’ संदेश के साथ इन कारों के जरिए शहर में जागरूकता अभियान चलाया गया।
रैली में फिल्म गदर में नजर आई अमरीश पुरी की कार भी शामिल रही। चमचमाती विंटेज कारों को देखने के लिए कार्यक्रम में मौजूद लोगों की निगाहें भी उन पर टिक गईं।
कारों के साथ सेल्फी लेते नजर आए लोग
विंटेज कारों ने खासतौर पर बच्चों और युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। कई लोग इन कारों के साथ सेल्फी लेते नजर आए। छात्रों ने कार मालिकों से उनके मॉडल, इतिहास और खासियतों के बारे में जानकारी भी ली।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/kakori-road-accident-lucknow-sub-inspector-family-death/
इस तरह वॉकथॉन और विंटेज कार रैली के जरिए स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के साथ कार्यक्रम को आकर्षक भी बनाया गया।









