बुद्धेश्वर मंदिर जा रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत

पारा में सड़क पार करते समय अज्ञात डाले ने मारी टक्कर, ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दुबग्गा। लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। सड़क पार करते समय एक अज्ञात डाले ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के पहिये के नीचे आ गए।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पारा के उत्तमनगर स्थित लोधी भवन निवासी हीरालाल (75) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उन्नाव जनपद के रहने वाले थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह घर से मंदिर के लिए निकले थे। इसी दौरान हादसा हो गया।

निजी अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल हीरालाल को पारा स्थित संकल्प हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजगीर का काम करते थे हीरालाल

परिजनों के मुताबिक, हीरालाल पहले राजगीर का काम करते थे। उनकी आंखों की रोशनी भी कमजोर थी। उनके तीन बेटे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, शव के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात डाले के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button