लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पति द्वारा फ्लाइट का टिकट कैंसिल कर ट्रेन का टिकट बुक करने को लेकर हुए विवाद के बाद यह घटना हुई। पुलिस ने पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना इंदिरानगर के शिवाजीपुरम इलाके की है, जहां बिहार का एक नवविवाहित दंपती फ्लैट में रह रहा था। इसी साल फरवरी में दोनों की शादी हुई थी। शादी के करीब चार महीने बाद महिला की मौत संदिग्ध हालात में हो गई।
परिजनों के अनुसार, पति प्राइवेट बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है। घटना वाले दिन पति ने फ्लाइट का टिकट कैंसिल कर ट्रेन का टिकट बुक कर दिया था, जिससे पत्नी नाराज हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पति ड्यूटी पर चला गया।
पुलिस के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान पति ने पत्नी को फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने मकान मालिक को घर देखने के लिए कहा। मकान मालिक ने देखा कि महिला कमरे के अंदर फंदे से लटकी हुई थी।
मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि महिला को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार ने पति समेत छह लोगों पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या बताया जा रहा है, जबकि परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।









