पीएम मोदी की अपील- त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदें

‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में बोले पीएम, भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग से किसानों और कारीगरों को मिल रहे नए अवसर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्योहारों के अवसर पर लोगों से स्थानीय कारीगरों के बनाए उत्पाद खरीदने की अपील की। रविवार को ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से कारीगरों का उत्साह बढ़ेगा और उन्हें प्रोत्साहन मिलेगा। पीएम ने भारतीय उत्पादों की विदेशों में बढ़ती मांग का भी जिक्र किया।

पूर्णिया का मखाना ग्रीस और कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव पहुंची

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के स्थानीय उत्पादों की वैश्विक मांग बढ़ रही है। बिहार के पूर्णिया का मखाना ग्रीस तक पहुंच रहा है, जबकि कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव में पहुंच रही है। इससे भारतीय किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर खुल रहे हैं।

12 साल की यात्रा को बताया तीर्थयात्रा जैसा अनुभव

पीएम मोदी ने कहा कि 12 साल पहले विजयादशमी के पावन अवसर पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। उन्होंने इस यात्रा को देशवासियों को करीब से जानने और समझने की तीर्थयात्रा जैसा अनुभव बताया।

भाई परमानंद की 150वीं जयंती का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने बताया कि चार नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद की 150वीं जयंती है। उन्होंने कहा कि भाई परमानंद आर्य समाज और गदर पार्टी से जुड़े थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और गुयाना में भी काम किया तथा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान काला पानी की सजा काटी। पीएम ने यह भी कहा कि भाई परमानंद ने भगत सिंह को पढ़ाया था।

अंगदान से दूसरों को मिल सकता है नया जीवन

पीएम मोदी ने अंगदान के महत्व पर भी बात की। उन्होंने मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की शिवानी का उदाहरण देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में उनकी जान जाने के बाद परिवार ने अंगदान का फैसला लिया। प्रधानमंत्री ने इसे समाज और देश के लिए बड़ा संदेश बताया।

गांधी जयंती पर खादी की बिक्री 28 करोड़ रुपये के पार

प्रधानमंत्री ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर एक ही दिन में खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री 28 करोड़ रुपये से अधिक रही। उनके अनुसार, यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में करीब डेढ़ करोड़ रुपये ज्यादा है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को अपनाने और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button