पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 वर्षीय छात्रा से रेप और हत्या के आरोपी 23 वर्षीय युवक की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मृत घोषित, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
पुलिस के अनुसार, गोली लगने के बाद आरोपी को चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने रिवॉल्वर कैसे छीनी और घटनाक्रम किस तरह फायरिंग तक पहुंचा, इसकी जांच की जा सकती है।
नहर में छिपकर पुलिसकर्मियों ने बचाई जान
फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने पास की नहर में छिपकर अपना बचाव किया। घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। आरोपी के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
म्यूजिक प्रोग्राम में गई थी छात्रा, अगली सुबह मिला शव
पुलिस के मुताबिक, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अपने नाना-नानी के साथ रहती थी। वह शनिवार रात घर के पास आयोजित एक म्यूजिक प्रोग्राम में गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे फोन आने के बाद वह कार्यक्रम से चली गई, लेकिन घर नहीं लौटी।
रविवार सुबह उसका शव गायघाटा इलाके में एक पड़ोसी के घर के बाहर मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था।
शुरुआती जांच में शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। शुरुआती जांच में उसके सिर और चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई। मामले में रेप और हत्या के आरोपों की जांच की जा रही थी। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी की मौत के बाद अब पुलिस की कार्रवाई और रिवॉल्वर छीने जाने की परिस्थितियों की जांच अहम होगी।









