अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ की ओर से गठित तीन सदस्यीय समिति ने बुधवार को कॉलेज का निरीक्षण किया। समिति ने सीटों में वृद्धि के प्रस्ताव के तहत शैक्षणिक और चिकित्सकीय सुविधाओं, आधारभूत ढांचे तथा मानव संसाधन का जायजा लिया।
कॉलेज में वर्तमान में एमबीबीएस की 100 सीटें हैं। प्रस्ताव के अनुसार, 50 सीटें बढ़ने पर इनकी संख्या 150 हो जाएगी। हालांकि, अतिरिक्त सीटों को अंतिम मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
अयोध्या मेडिकल कॉलेज के तीन विशेषज्ञों ने किया निरीक्षण
निरीक्षण समिति में राजर्षि दशरथ स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, अयोध्या के तीन विशेषज्ञ शामिल रहे। इनमें डॉ. दिनेश कुमार सिंह, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, इम्यूनोहीमैटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन; डॉ. पारस खर्बंदा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, पैथोलॉजी; और डॉ. अरविंद कुमार, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, जनरल मेडिसिन शामिल थे।
सुविधाओं और मानकों का लिया जायजा
समिति ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध शैक्षणिक व चिकित्सकीय सुविधाओं और आधारभूत संरचना का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अभिलेखों को देखा और राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के निर्धारित मानकों के अनुपालन का आकलन किया।
निरीक्षण पूरा होने के बाद समिति निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय और संबंधित सक्षम प्राधिकारी को सौंपेगी। इसी के आधार पर सीटों में वृद्धि के प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया होगी। अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद ही कॉलेज में एमबीबीएस की अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश का रास्ता साफ होगा।









