लोकगीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक से युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

अकबरपुर में युवा उत्सव का आयोजन, लोककला के साथ नशामुक्ति और विकसित भारत का संदेश; लोकनृत्य में जीजीआईसी अकबरपुर अव्वल

अंबेडकरनगर। लोकगीतों की धुन, लोकनृत्य की प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक संदेश। अकबरपुर के रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को आयोजित युवा उत्सव में युवाओं ने कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से आयोजित उत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताएं हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय और जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा ने किया। विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक पेश की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथियों ने युवाओं से शिक्षा और संस्कार को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने नशे से दूर रहने और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुधा मिनी ने प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया।

लोकनृत्य में जीजीआईसी अकबरपुर प्रथम

प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य के तहत जीजीआईसी अकबरपुर ने पहला, आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लोकगीत में गौरव शुक्ला एवं उनकी टीम प्रथम रही। जीजीआईसी टांडा को दूसरा और रमाबाई डिग्री कॉलेज को तीसरा स्थान मिला।

नुक्कड़ नाटक में गब्बर गैंग ने पहला स्थान हासिल किया। कविता लेखन प्रतियोगिता में शशांक प्रथम और शाइस्ता दूसरे स्थान पर रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button