लखनऊ। लखनऊ के दुबग्गा इलाके में बुधवार को सड़क खुदाई के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा अंधे की चौकी के पास मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। घटना के बाद जेसीबी चालक मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11:40 बजे सड़क पर खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक मशीन को पीछे कर रहा था। तभी वहां से गुजर रही महिला मशीन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
समीरा के रूप में हुई मृतका की पहचान
मृतका की पहचान समीरा (60), पत्नी छोटा, निवासी बेबी मार्टिन स्कूल के पास दुबग्गा के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद महिला के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और हादसे को लेकर आक्रोश जताया।
पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। स्थिति को देखते हुए एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
जेसीबी कब्जे में, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









