धनतेरस से पहले सजा बर्तन बाजार, 10 से 15 फीसदी तक बढ़े दाम

स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग; महंगाई के बीच ग्राहक छोटे और फैंसी आइटमों को दे रहे तरजीह

अंबेडकरनगर, संवाददाता। दीपावली और धनतेरस को लेकर जिले के बर्तन बाजार सज गए हैं। अकबरपुर, शहजादपुर के साथ जलालपुर, टांडा और बसखारी की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। धनतेरस पर नया बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते लोग अपनी पसंद के सामान की बुकिंग और खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में इस बार बर्तनों के दाम पिछले साल की तुलना में करीब 10 से 15 फीसदी तक बढ़े हैं।

पारंपरिक बर्तनों के साथ मॉडर्न किचन की भी मांग

शहजादपुर के मुख्य बर्तन बाजार और ठठेरी बाजार में सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी हुई है। ग्राहक तांबा, पीतल, स्टील और फूल के बर्तनों के साथ गैस चूल्हे, इंडक्शन और स्टील कुकर भी खरीद रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक, त्योहार को देखते हुए ग्राहकों ने पहले से ही खरीदारी शुरू कर दी है।

महंगाई के बीच छोटे आइटमों पर जोर

स्टील, पीतल और तांबे के कच्चे माल की कीमतों में तेजी का असर बर्तनों के दाम पर पड़ा है। व्यापारी संजय आर्या और ज्ञानप्रकाश ने बताया कि कीमतें बढ़ने के कारण ग्राहक बड़े बर्तनों के बजाय छोटे और फैंसी आइटम अधिक पसंद कर रहे हैं। हालांकि, त्योहार पर खरीदारी की परंपरा के चलते बिक्री पर इसका खास असर नहीं पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button