चांदनी चौक में तीन मंजिला इमारत ढही

मलबे से दो शव निकाले गए; 15 लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार सुबह एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, घटनास्थल पर कम से कम 15 लोगों के फंसे होने की संभावना है। राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सत्तारा में हुआ। इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके बाद NDRF, दिल्ली पुलिस और नगर निगम (MCD) की टीमें भी बचाव अभियान में जुट गईं।

मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

इमारत गिरने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। अब तक दो शव निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं।

दमकल विभाग के अनुसार, कम से कम 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हालांकि, बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय इमारत में कितने लोग मौजूद थे और कितने लोग प्रभावित हुए हैं।

तीन-चार महीने से चल रहा था निर्माण कार्य

प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि इमारत में पिछले तीन से चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। उनके मुताबिक, इमारत में तीन-चार लिंटर डाले जा चुके थे। हादसे के समय वे सभी एक साथ गिर गए।

नईम ने बताया कि घटना के वक्त इमारत में करीब तीन-चार लोग मौजूद थे। उन्होंने एक शव को मलबे से बाहर निकालते हुए भी देखा। फिलहाल बचाव दल की ओर से मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का छठा बड़ा हादसा

दिल्ली में इस साल इमारत गिरने की यह छठी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले साकेत, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन और सीमापुरी में भी इमारत गिरने के हादसे हो चुके हैं। इन पांच घटनाओं में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में कई छात्र भी शामिल थे।

चांदनी चौक की घटना के बाद राजधानी में निर्माणाधीन और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button