- केरल में भारी बारिश से 25 लोगों की जान गई
- हिमाचल और उत्तराखंड में 300 से अधिक सड़कें बंद
- कई राज्यों में जनजीवन बारिश से प्रभावित
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। झारखंड में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। सबसे अधिक नौ मौतें गिरिडीह, तीन दुमका और दो लातेहार जिले में हुईं।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गंगा नदी का पानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहने लगा है। तेज बहाव के कारण हाईवे की अप्रोच रोड बह गई और सड़क पर करीब 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया। फर्रुखाबाद में भी बाढ़ के चलते बैरिकेडिंग कर हाईवे बंद करना पड़ा। वहीं, मिर्जापुर में दो बच्चों की डूबने और एक युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई।
केरल में 1 अगस्त से जारी भारी बारिश अब तक 25 लोगों की जान ले चुकी है, जबकि चार लोग लापता हैं। बाढ़ और जलभराव के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य सरकार के अनुसार, 18 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।
उधर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 300 से अधिक सड़कें बंद हैं। इनमें हिमाचल की 160 और उत्तराखंड की 100 से ज्यादा सड़कें शामिल हैं। उत्तराखंड के देहरादून और बागेश्वर में एहतियात के तौर पर 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।









