IRCTC की वेबसाइट और ऐप में दिक्कत

तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान यूजर्स परेशान

नई दिल्ली। IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप से ट्रेन टिकट बुक करने में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टिकट बुकिंग के दौरान कई लोगों को स्क्रीन पर हाई लोड का मैसेज दिखाई दिया। सबसे ज्यादा दिक्कत तत्काल टिकट बुक करने के समय आई।

यूजर्स के मुताबिक, वेबसाइट का पेज या तो खुल नहीं रहा था या फिर काफी देर तक लोड होता रहा। कई लोगों को यूजर आईडी और पासवर्ड डालने के बाद लॉगिन एरर मिला। वहीं, ट्रेन चुनने और यात्रियों की जानकारी भरने के बाद भी बुकिंग की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

पैसे कटे, लेकिन टिकट कन्फर्म होने का मैसेज नहीं आया

कुछ यूजर्स ने शिकायत की कि टिकट बुकिंग के दौरान उनके बैंक खाते से पैसे कट गए, लेकिन तुरंत टिकट कन्फर्म होने का मैसेज नहीं मिला। ऐसी स्थिति में यात्रियों के सामने यह असमंजस रहता है कि उनका टिकट बना है या नहीं।

फिलहाल रेलवे की ओर से इस तकनीकी परेशानी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

वेबसाइट या ऐप काम न करे तो कहां करें शिकायत?

IRCTC की वेबसाइट या ऐप से टिकट बुक करने में परेशानी होने पर यूजर्स हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

  • कस्टमर केयर नंबर: 14646
  • अन्य हेल्पलाइन नंबर: 08044647999, 08035734999
  • ईमेल: etickets@irctc.co.in

अगर टिकट की जरूरत तत्काल है और ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है, तो यात्री रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर जाकर टिकट बुक करा सकते हैं।

पैसे कट जाएं और टिकट न बने तो क्या करें?

अगर बुकिंग के दौरान खाते से पैसे कट गए हैं, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हुआ है, तो घबराकर तुरंत दूसरी बार टिकट बुक न करें। पहले यह जांच लें कि कहीं टिकट बन तो नहीं गया है।

1. बुकिंग स्टेटस चेक करें

IRCTC अकाउंट में लॉगिन करके ‘My Transactions’ या ‘Booked Ticket History’ में जाएं। वहां देखें कि टिकट बुक हुआ है या नहीं। इससे दोबारा भुगतान करने से बचा जा सकता है।

2. दूसरे ब्राउजर से कोशिश करें

अगर वेबसाइट नहीं खुल रही है, तो ब्राउजर बदलकर प्रयास किया जा सकता है। गूगल क्रोम में परेशानी होने पर मोजिला फायरफॉक्स या इनकॉग्निटो मोड में वेबसाइट खोलकर देखें।

3. रिफंड का स्टेटस देखें

अगर खाते से पैसे कट गए हैं, लेकिन टिकट नहीं बना है, तो भुगतान और ट्रांजैक्शन का स्टेटस चेक करें। IRCTC के मुताबिक, टिकट जारी न होने की स्थिति में राशि सामान्यतः 3 से 5 कार्यदिवस के भीतर खाते में वापस आ जाती है। हालांकि, बैंक और भुगतान माध्यम के अनुसार इसमें समय लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button