गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

10 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

गंगोत्री। उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम के कपाट सोमवार, 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने से पहले मंदिर को पांच क्विंटल फूलों से सजाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन के लिए धाम पहुंचे।

कपाट बंद होने के बाद सेना के बैंड की धुन के बीच मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। इस साल 19 अप्रैल को गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे।

25 किलोमीटर की यात्रा कर मुखबा पहुंचेगी डोली

मां गंगा की उत्सव डोली करीब 25 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर मुखबा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान डोली सबसे पहले गंगोत्री धाम से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित भैरव मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद वहां से लगभग 16 किलोमीटर की दूरी तय कर मार्कण्डेय मंदिर पहुंचेगी। यहां डोली रात्रि विश्राम करेगी।

11 नवंबर को डोली मार्कण्डेय मंदिर से करीब एक किलोमीटर की यात्रा कर मुखबा मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद अगले छह महीने तक मुखबा में ही मां गंगा की पूजा-अर्चना होगी। श्रद्धालु भी यहीं पहुंचकर मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।

ठंड के बीच एक हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे धाम

कपाट बंद होने के दिन गंगोत्री धाम में कड़ाके की ठंड रही। सुबह यहां का तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में पारा माइनस 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

सुबह के समय धाम में करीब 200 श्रद्धालु मौजूद थे। कपाट बंद होने से पहले इनकी संख्या बढ़कर एक हजार से अधिक हो गई। मंदिर समिति के अनुसार, इस यात्रा सीजन में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए।

यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को होंगे बंद

चारधाम के शीतकालीन कपाट बंद होने के कार्यक्रम के अनुसार, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद किए जाएंगे। यमुनोत्री के कपाट सुबह 10:28 बजे और केदारनाथ के कपाट सुबह 8:30 बजे बंद होंगे।

वहीं, बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।

शीतकाल में इन स्थानों पर होंगे दर्शन

कपाट बंद होने के बाद चारों धामों की शीतकालीन पूजा निर्धारित स्थानों पर होगी। यमुनोत्री की पूजा खरसाली, केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और बद्रीनाथ की पूजा पांडुकेश्वर व जोशीमठ में की जाएगी। गंगोत्री में मां गंगा की पूजा अगले छह महीने तक मुखबा मंदिर में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button