डीएम के फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेज थमाकर 3.40 लाख हड़पे

जुर्माने की रकम जमा कराने के नाम पर पेटीएम से 84,502 और नकद लिए 2,55,498 रुपये; कोर्ट के आदेश पर सम्मनपुर थाने में मुकदमा दर्ज

अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी कार्यालय में अच्छी पकड़ होने का दावा कर एक व्यक्ति ने गेस्ट हाउस संचालक से मुकदमे का जुर्माना जमा कराने के नाम पर 3.40 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद जिलाधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेज भी थमा दिए। न जुर्माने की रकम जमा हुई और न ही पीड़ित को पैसे वापस मिले। पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सम्मनपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आजमगढ़ निवासी अब्दुल्लाह बसखारी क्षेत्र में गेस्ट हाउस संचालित करते हैं। न्यायालय में दिए गए प्रार्थनापत्र के अनुसार, इसी दौरान उनकी मुलाकात सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ब्राहिमपुर, केशवपुर निवासी सत्यप्रकाश से हुई। आरोप है कि सत्यप्रकाश ने जिलाधिकारी कार्यालय में अच्छी पकड़ होने की बात कही। उसने एक मुकदमे में जुर्माने की रकम जमा कराने का भरोसा दिलाया।

अब्दुल्लाह के मुताबिक, इस काम के नाम पर सत्यप्रकाश ने उनसे 84,502 रुपये पेटीएम के माध्यम से और 2,55,498 रुपये नकद ले लिए। इसके बाद जिलाधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेज भी दे दिए। पीड़ित का आरोप है कि बाद में पता चला कि जुर्माने की रकम जमा ही नहीं हुई है।

रुपये मांगने पर धमकी, पुलिस से नहीं मिली राहत

पीड़ित ने आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने पर सत्यप्रकाश गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अब्दुल्लाह ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने सम्मनपुर थानाध्यक्ष को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button