अंबेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को सर्किट हाउस में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सियासी हमला बोला। स्कूलों के विलय से लेकर राम मंदिर दर्शन और सनातन धर्म तक के मुद्दे पर उन्होंने अखिलेश को घेरा। शिक्षा के सवाल पर राजभर ने सपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए पूछा कि गरीब बच्चों के लिए उस दौरान क्या किया गया?
प्राथमिक विद्यालयों के विलय को लेकर अखिलेश यादव की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर राजभर ने कहा कि वह पांच साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए कुछ नहीं किया। उनके अनुसार, सपा सरकार के समय बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ते थे, जबकि योगी सरकार में स्कूलों में बेंच और डेस्क की व्यवस्था की गई है। अभिभावकों के खातों में भी धनराशि भेजी जा रही है। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चे रहकर डॉक्टर और इंजीनियर बनने की तैयारी कर रहे हैं।
अयोध्या जाने की बात पर मथुरा-काशी का भी उठाया सवाल
राम मंदिर दर्शन के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि वह अयोध्या जा रहे हैं तो मथुरा और काशी विश्वनाथ जाने की तारीखें भी घोषित करें। उन्होंने अखिलेश की सियासी स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि वह न अली के रहे और न बजरंगबली के।









