दीपों की जगमगाहट और आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान

घरों से लेकर बाजारों तक दिखी रौनक, शुभ मुहूर्त में हुई लक्ष्मी-गणेश की पूजा; दीये जलाकर और मिठाइयां बांटकर साझा की खुशियां

अंबेडकरनगर। जिलेभर में रविवार को दीपावली का पर्व धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों और प्रतिष्ठानों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं। लोगों ने घरों की साफ-सफाई की और दरवाजों को रंगोली, फूलों तथा आकर्षक सजावट से सजाया। बाजारों में भी दुकानदारों ने प्रतिष्ठानों को विद्युत झालरों और दीपों से रोशन किया। शाम होते ही घरों की देहरी, छत, बालकनी और आंगन मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगा उठे।

शुभ मुहूर्त में घरों और दुकानों पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने पूजा स्थल पर प्रतिमाएं स्थापित कीं। दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजन किया। परिवार के सभी सदस्य पूजा में शामिल हुए। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों में बहीखातों और व्यापार से जुड़े सामान की पूजा की।

पूजन के बाद घरों के बाहर और आसपास दीप जलाए गए। बच्चों ने परिवार के सदस्यों के साथ पटाखे और फुलझड़ियां चलाईं। शाम ढलते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। देर रात तक अलग-अलग इलाकों में पटाखों की आवाज गूंजती रही। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी दिखाई देती रही। घरों की छतों और खुले स्थानों पर लोगों ने आतिशबाजी का आनंद लिया।

त्योहार पर लोगों ने रिश्तेदारों, परिचितों और पड़ोसियों के घर पहुंचकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मिठाइयों का आदान-प्रदान कर खुशियां साझा कीं। बच्चों में पटाखों और मिठाइयों को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। घरों में पकवान और मिठाइयां भी तैयार की गईं। देर रात तक लोगों का एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button