- ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारियों पर लागू होगा आदेश
- गोरखा राइफल्स के जनरल पहनेंगे पारंपरिक हैट
- स्पेशल फोर्सेज को मैरून और बख्तरबंद रेजिमेंट को ब्लैक बेरेट की अनुमति
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी को लेकर वर्ष 2023 में किए गए बदलावों को वापस लेने का फैसला किया है। नए आदेश के तहत अब वरिष्ठ अधिकारी अपनी अधिकृत वर्दी के साथ पहले की तरह अपनी रेजिमेंट और कोर से जुड़े पारंपरिक प्रतीक और पहचान चिह्न लगा सकेंगे। यह आदेश 1 दिसंबर से लागू होगा। इस फैसले से सेना की अलग-अलग रेजिमेंटों और कोर की पारंपरिक पहचान एक बार फिर वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी पर दिखाई देगी।
13 नवंबर को जारी पत्र के आधार पर जारी आंतरिक आदेश में वर्दी से जुड़े बदलावों की जानकारी दी गई है। यह व्यवस्था ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारियों पर लागू होगी। इसके तहत अलग-अलग रेजिमेंटों और सैन्य इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी परंपरा के अनुरूप निर्धारित वर्दी संबंधी पहचान इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है।
गोरखा राइफल्स के जनरल पहन सकेंगे पारंपरिक हैट
नए आदेश के अनुसार, गोरखा राइफल्स के जनरल अधिकारी फिर से अपनी विशिष्ट पहचान वाली पारंपरिक हैट पहन सकेंगे। वहीं, स्पेशल फोर्सेज के वरिष्ठ अधिकारी मैरून बेरेट और बख्तरबंद रेजिमेंट के अधिकारी ब्लैक बेरेट पहन सकेंगे।
इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी अधिकृत वर्दी के साथ संबंधित रेजिमेंट या कोर के पारंपरिक चिन्ह लगाने की भी अनुमति होगी। इससे अधिकारियों की वर्दी पर उनकी सैन्य पृष्ठभूमि और संबंधित इकाई की पहचान फिर से नजर आएगी।
2023 में एक जैसी पहचान के लिए बदली गई थी वर्दी
भारतीय सेना ने वर्ष 2023 में वरिष्ठ नेतृत्व के लिए एक समान पहचान विकसित करने के उद्देश्य से वर्दी के कई सामानों और प्रतीकों में बदलाव किया था। उस समय वरिष्ठ अधिकारियों के लिए कुछ वर्दी संबंधी चीजें एक जैसी कर दी गई थीं।
इस नीति के तहत अधिकारियों की मूल रेजिमेंट और सर्विस से जुड़े पहचान चिह्न हटा दिए गए थे। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नेतृत्व के बीच एकरूपता को बढ़ावा देना था। हालांकि, इस बदलाव के बाद रेजिमेंटों और कोर की पारंपरिक पहचान से जुड़े प्रतीकों के इस्तेमाल पर रोक लग गई थी।









