योगी ने देखा कैसे कमांडो ने आतंकियों को मार गिराया

हेलिकॉप्टर से उतरे जवान, बंधकों को छुड़ाया; लखनऊ में NSG की मॉकड्रिल

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री के सामने कमांडोज ने आतंकी हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉकड्रिल का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान एक इमारत में आतंकियों के घुसने और लोगों को बंधक बनाने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसके बाद कमांडोज ने योजनाबद्ध तरीके से ऑपरेशन चलाकर हमले को नाकाम करने का प्रदर्शन किया।

हेलिकॉप्टर से पहुंचे कमांडोज, रस्सियों के सहारे छत पर उतरे

मॉकड्रिल के दौरान कमांडोज हेलिकॉप्टर के जरिए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रस्सियों की मदद से इमारत की छत पर उतरकर मोर्चा संभाला। इसके बाद रेलिंग और छज्जों के सहारे आगे बढ़ते हुए इमारत में दाखिल होने और आतंकियों को निशाना बनाने की रणनीति का प्रदर्शन किया।

अभ्यास में कमांडोज ने अलग-अलग दिशाओं से इमारत में प्रवेश कर आतंकियों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई दिखाई। इसके साथ ही बंधक बनाए गए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का ऑपरेशन भी प्रदर्शित किया गया। पूरी कार्रवाई में कमांडोज के बीच तालमेल, तेजी और समन्वित रणनीति का अभ्यास कराया गया।

NSG के डॉग जॉनी ने बुके देकर सीएम को दी सलामी

इस कार्यक्रम में NSG के प्रशिक्षित डॉग ने भी कमांडोज के साथ ऑपरेशन में हिस्सा लिया। मॉकड्रिल के दौरान डॉग ने सुरक्षा बलों की कार्रवाई में सहयोग किया। कार्यक्रम का एक खास पल तब देखने को मिला, जब NSG के डॉग ‘जॉनी’ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुके दिया और उन्हें सलामी दी। इस दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

यूपी पुलिस और NSG के बीच बेहतर तालमेल पर जोर

संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य NSG और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच आपसी समन्वय और तालमेल को मजबूत करना है। इसके तहत पुलिसकर्मियों को आतंकी हमले, बंधक बनाए जाने और अन्य गंभीर सुरक्षा चुनौतियों जैसी परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान कमांडो ऑपरेशन की रणनीति, टीमवर्क और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई जैसे पहलुओं पर अभ्यास कराया जाएगा। इससे किसी संभावित आतंकी घटना के दौरान अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button