- चोरी की दो भैंसें बरामद
- 150 CCTV फुटेज से मिला सुराग
- ब्लॉक प्रमुख ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में भाजपा ब्लॉक प्रमुख के भतीजे की चोरी हुई भैंस को पुलिस ने महज 48 घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई और चोरी की दो भैंसें बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 19 जुलाई की है। पश्चिम गांव निवासी ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला के भतीजे अभिषेक शुक्ला और उनके पड़ोसी वंश दीपक अवस्थी की एक-एक भैंस चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पांच पुलिसकर्मियों की टीम ने आसपास लगे 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर पुलिस ने बाराबंकी निवासी राजन को जंगल-मंगल चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दोनों चोरी की भैंसें बरामद कर ली गईं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दिलीप उर्फ छोटू और देवराज के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, राजन के खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मामले के सफल खुलासे पर ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने निगोहां पुलिस टीम को अंगवस्त्र और मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।









