लखनऊ में वकील के घर 45 लाख की चोरी

43 लाख के जेवर और नकदी ले गए चोर

लखनऊ। गोमतीनगर के विश्वासखंड में हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के वकील के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। ताला तोड़कर चोर करीब 45 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसमें वकील की पत्नी के करीब 43 लाख रुपये के जेवर और दो लाख रुपये नकद शामिल हैं। वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे। रविवार सुबह लौटने पर चोरी का पता चला।

सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घर की दीवार पर चोरों के फुटप्रिंट भी मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

परिवार के सभी सदस्य थे बाहर

पीड़ित वकील अनघ शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह 22 अगस्त को जरूरी काम से दिल्ली गए थे। उनकी पत्नी शिवा 25 अगस्त को रक्षाबंधन के लिए अपने मायके सीतापुर चली गई थीं।

इसके बाद 26 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे उनके बड़े भाई अलख, बड़ी बहन प्रिया शुक्ला और माता-पिता भी दिल्ली-एनसीआर चले गए। इस तरह घर पूरी तरह खाली था।

सभी दरवाजों के ताले टूटे मिले

रविवार सुबह परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो मकान के दरवाजों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 43 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और दो लाख रुपये नकद गायब मिले।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की। दीवार पर मिले फुटप्रिंट समेत अन्य साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button