सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन

91 साल की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

  • लंबे समय से चल रही थीं बीमार
  • ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर होगा अंतिम संस्कार
  • मां के निधन के समय गोरखपुर में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे योगी

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। निधन के समय घर पर योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र और उनका परिवार मौजूद था।

एसएसपी सर्वेश पवार के मुताबिक, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर किया जा सकता है। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।

मां के निधन के समय गोरखपुर में थे मुख्यमंत्री योगी

जिस समय सावित्री देवी का निधन हुआ, उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में मौजूद थे। वह वहां आयोजित ‘सशक्त युवा, समृद्ध उत्तर प्रदेश’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मां के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

गढ़वाली राजपूत परिवार में हुआ था योगी आदित्यनाथ का जन्म

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में एक गढ़वाली राजपूत परिवार में हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे, जबकि मां सावित्री देवी गृहिणी थीं। 20 अप्रैल 2020 को उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था।

योगी आदित्यनाथ अपने माता-पिता की सात संतानों में पांचवें नंबर पर हैं। उनसे पहले तीन बड़ी बहनें और एक बड़े भाई हैं। उनके दो छोटे भाई भी हैं।

मां ने गांव में संभाला परिवार, बेटा बना गोरक्षपीठ का महंत

योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। उनके संन्यास लेने के बाद सावित्री देवी पंचूर गांव में ही परिवार के साथ रहने लगीं। परिवार के अन्य सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभालीं, जबकि अजय सिंह बिष्ट गोरखनाथ मंदिर की गतिविधियों से जुड़ते चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button