न्यूयॉर्क। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश रचने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को शुक्रवार को अमेरिका में सजा सुनाई जाएगी। न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में होने वाली सुनवाई के दौरान पन्नू भी मौजूद रह सकता है। यदि ऐसा होता है तो 2023 में हत्या की साजिश का मामला सामने आने के बाद पहली बार दोनों का आमना-सामना होगा।
फरवरी में स्वीकार किए थे आरोप
55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल फरवरी में अमेरिकी अदालत में अपने ऊपर लगाए गए आरोप स्वीकार कर लिए थे। अब अदालत इस मामले में उन्हें सजा सुनाने जा रही है। अमेरिकी अभियोजकों ने गुप्ता के लिए 24 साल की जेल की मांग की है।
बचाव पक्ष ने मांगी 12 साल की सजा
निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत से सजा कम करने की अपील की है। बचाव पक्ष का कहना है कि उन्हें 24 साल के बजाय 12 साल की कैद दी जाए। इस तरह अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष की ओर से सजा को लेकर अलग-अलग मांग रखी गई है।
पन्नू को भी अदालत में बोलने का मिल सकता है मौका
इस सुनवाई में पन्नू को पीड़ित पक्ष के तौर पर अपनी बात रखने के लिए करीब 20 मिनट देने की मांग अमेरिकी अभियोजकों ने की है। वहीं, निखिल गुप्ता के वकीलों ने भी कहा है कि कानून के तहत आरोपी को सजा सुनाए जाने से पहले अदालत में अपना पक्ष रखने का अधिकार है। ऐसे में दोनों के आमने-सामने आने के साथ ही अदालत में उनकी ओर से मौखिक दलीलें भी रखी जा सकती हैं।
2023 में सामने आई थी हत्या की साजिश
अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, वर्ष 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या कराने की साजिश रची गई थी। इस मामले में गुप्ता को चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था और बाद में अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। फरवरी 2026 में उन्होंने हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े तीन आरोप स्वीकार किए थे।
फिलहाल अदालत का फैसला आना बाकी है। अभियोजन पक्ष ने 24 साल से अधिक और बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा की मांग की है। अंतिम सजा का निर्धारण अमेरिकी जिला जज विक्टर मारेरो करेंगे।









