मणिपुर में जहरीली शराब का कहर

15 की मौत; 600 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

मणिपुर। मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 600 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पिछले दो से तीन दिनों में सामने आए इस मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शुरुआती जांच में शराब में जहरीला रसायन मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

शराब पीने के बाद बिगड़ी लोगों की तबीयत

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो से तीन दिनों के दौरान कई लोगों की तबीयत शराब पीने के बाद अचानक बिगड़ने लगी। इसके बाद प्रभावित लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। देखते ही देखते अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी।

न्यूज एजेंसी INS के मुताबिक, 600 से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती हैं और तीन मरीजों की हालत गंभीर है। शुरुआती रिपोर्टों में चंदेल जिले के चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आई है।

काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी शराब

पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था, उसे काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। जांच में शराब में मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई गई है। मेथनॉल एक जहरीला रसायन है, जिसका सेवन शरीर के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या तैयार करने की कोई जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में आशंका है कि शराब दूसरे इलाके से लाकर यहां बेची गई थी। पुलिस अब शराब की खरीद, बिक्री और सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।

करीब 10 लोग गिरफ्तार, सप्लायरों की तलाश

इस मामले में पुलिस अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि शराब कहां तैयार की गई थी, उसमें जहरीला पदार्थ कैसे मिला और उसे किन लोगों के जरिए चंदेल जिले तक पहुंचाया गया।

पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के इलाज और मामले की जांच पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button