नई दिल्ली। बच्चों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए छोटी उम्र से ही निवेश शुरू करना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) एक विकल्प है। इस सरकारी बचत योजना में फिलहाल 7.1 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। माता-पिता अपने नाबालिग बच्चे के नाम पर भी PPF खाता खुलवा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी नियम निर्धारित किए गए हैं, जिनकी जानकारी निवेश शुरू करने से पहले होना जरूरी है।
माता-पिता या कानूनी अभिभावक ही खुलवा सकते हैं खाता
नाबालिग बच्चे के नाम पर PPF खाता केवल माता-पिता या कानूनी अभिभावक ही खुलवा सकते हैं। खाते का संचालन भी अभिभावक की ओर से किया जाता है। एक व्यक्ति अपने नाम पर केवल एक PPF खाता खुलवा सकता है। इसके अलावा वह अपने नाबालिग बच्चे के नाम पर भी एक अलग खाता खोल सकता है।
हालांकि, एक बच्चे के नाम पर केवल एक ही PPF खाता खोला जा सकता है। अगर किसी परिवार में दो बच्चे हैं तो एक बच्चे का खाता मां और दूसरे का पिता खुलवा सकता है।
PPF खाते में कितना पैसा जमा कर सकते हैं?
नाबालिग के नाम पर खोले गए PPF खाते में भी निवेश की न्यूनतम और अधिकतम सीमा निर्धारित है।
-
न्यूनतम निवेश: 500 रुपये सालाना।
-
अधिकतम निवेश: 1.5 लाख रुपये सालाना।
-
ब्याज दर: 7.1 प्रतिशत सालाना।
ध्यान देने वाली बात यह है कि यदि माता-पिता का खुद का PPF खाता भी है तो उनके व्यक्तिगत खाते और नाबालिग बच्चे के खाते में जमा कुल रकम मिलाकर एक वित्त वर्ष में 1.5 लाख रुपये से अधिक नहीं हो सकती।
निवेश से पहले समझें यह जरूरी नियम
PPF में निवेश लंबी अवधि के लिए किया जाता है। इसकी मूल लॉक-इन अवधि 15 साल होती है। इसलिए बच्चे के नाम पर खाता खुलवाते समय निवेश की अवधि और भविष्य में पैसों की जरूरत को ध्यान में रखना चाहिए। नियमित निवेश और चक्रवृद्धि ब्याज के जरिए लंबी अवधि में अच्छा फंड तैयार किया जा सकता है।









