लखनऊ में पूजा सामग्री के गोदाम में लगी भीषण आग

छह दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू

  • चौक के टेढ़ी बाजार में मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में लगी आग
  • आसपास की दुकानों का सामान बचाया, कोई जनहानि नहीं

लखनऊ। चौक इलाके के टेढ़ी बाजार में एक मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में शुक्रवार रात आग लग गई। गोदाम में रखी पूजा सामग्री आग की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां से काले धुएं का गुबार उठने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने छह गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकलकर्मियों ने आसपास की दुकानों में रखा सामान भी आग की चपेट में आने से बचा लिया।

बेसमेंट में बने गोदाम में लगी आग

दमकल विभाग के मुताबिक, फायर स्टेशन चौक के कंट्रोल रूम को शनिवार रात 11:10 बजे एमडीटी के जरिए आग लगने की सूचना मिली। बताया गया कि सुभाष मार्ग स्थित टेढ़ी बाजार, रकाबगंज में प्रतीक के मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में आग लगी है। गोदाम में पूजा सामग्री रखी हुई थी, जिसने आग पकड़ ली।

छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही प्रभारी चौक कमलेन्द्र कुमार सिंह दो फायर टेंडर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की अन्य गाड़ियों को भी बुलाया गया। कुल छह गाड़ियों की मदद से फायर फाइटर्स ने करीब दो घंटे तक अभियान चलाया और आग को बुझा दिया।

आसपास की दुकानों को बचाया

आग बेसमेंट में होने और धुआं तेजी से फैलने के कारण आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरती गई। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के साथ वहां रखे सामान को भी सुरक्षित बचा लिया। राहत की बात रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button