अंबेडकरनगर। पांच दिवसीय राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान के चौथे दिन रविवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने शहर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों के अंदर व बाहर सफाई कराई गई। साथ ही बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
शौचालयों की सफाई और रखरखाव पर विशेष जोर
शासन के निर्देश पर 19 से 23 नवंबर तक चल रहे अभियान के तहत नगर पालिका ने सभी वार्डों के सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई कराई। शौचालयों के आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ किया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं की स्वच्छता और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना है।
बाजारों में दुकानदारों और नागरिकों को किया जागरूक
सफाई अभियान के साथ नगर पालिका की आईईसी टीम और ट्रेनिंग पार्टनर मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ने जागरूकता कार्यक्रम चलाया। प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और शौचालयों के आसपास लोगों को सार्वजनिक शौचालयों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। दुकानदारों और नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति कायम रखने में सहयोग की अपील की गई।
जनसहभागिता से ही कायम रहेगी ओडीएफ व्यवस्था: ईओ
अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने कहा कि अभियान के तहत सभी वार्डों में सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की सफाई व रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर को स्वच्छ और ओडीएफ बनाए रखने के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनुश्री श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के चौथे दिन सभी वार्डों में शौचालयों की अंदर और बाहर से सफाई कराई गई। आईईसी टीम और मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के सहयोग से बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक भी किया गया।









