सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी- बिल्डिंग नियम तोड़ने वालों से मिले हैं अधिकारी

आवासीय इलाकों में होटल-रेस्टोरेंट को मंजूरी कौन दे रहा?

नई दिल्ली। देशभर में बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन और नगर निकायों की कार्यप्रणाली को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ ने कहा कि कई जगहों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के साथ अधिकारी भी मिले हुए हैं। अदालत ने सवाल उठाया कि आखिर आवासीय इलाकों में होटल, गेमिंग पार्लर, सॉफ्टवेयर कंपनियों और रेस्टोरेंट जैसी व्यावसायिक गतिविधियों को चलाने की अनुमति कौन दे रहा है?

सुनवाई के दौरान अदालत ने भवन निर्माण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। पीठ ने पूछा कि बिल्डिंग प्लान पास कराने, निर्माण के दौरान निरीक्षण से बचने और अवैध निर्माण पर होने वाली तोड़फोड़ को रुकवाने तक किस स्तर पर कितनी कीमत चुकाई जाती है? अदालत की टिप्पणियों में नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंता सामने आई।

निर्माण पूरा होने के बाद होता है निरीक्षण

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कई मामलों में संबंधित अधिकारी उस समय निरीक्षण करने पहुंचते हैं, जब इमारतें बनकर तैयार हो चुकी होती हैं और निर्माण में नियमों का उल्लंघन हो चुका होता है। ऐसे में समय रहते कार्रवाई नहीं होने से अवैध निर्माण को बढ़ावा मिलता है।

पीठ ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भवन निर्माण के दौरान नियमित निरीक्षण होना चाहिए, ताकि नियमों के उल्लंघन को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर सवाल

अदालत ने आवासीय क्षेत्रों में होटल, गेमिंग पार्लर, सॉफ्टवेयर कंपनियों और रेस्टोरेंट के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए। पीठ ने पूछा कि आवासीय इस्तेमाल के लिए निर्धारित जमीन और इमारतों में इस तरह की व्यावसायिक गतिविधियों को मंजूरी आखिर किस आधार पर दी जा रही है।

नगर निकायों की जवाबदेही पर उठे सवाल

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से भवन निर्माण की अनुमति देने, नक्शा पास करने और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने वाली नगर निकायों की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। अदालत ने संकेत दिया कि नियमों का उल्लंघन केवल निर्माण करने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच जरूरी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button