तीसरे हफ्ते में धीमी पड़ी फिल्म ‘रामायण’ की रफ्तार

गुरु पर्व पर 99 रुपये में देख सकेंगे दर्शक

मुंबई। नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ की बॉक्स ऑफिस पर कमाई की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है। रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में शानदार प्रदर्शन करने वाली फिल्म के तीसरे हफ्ते में दर्शकों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका असर फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के साथ टिकटों की कीमत पर भी दिखाई देने लगा है। दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए मेकर्स ने गुरु पर्व के मौके पर खास ऑफर की घोषणा की है। इसके तहत मंगलवार को फिल्म की टिकट सिर्फ 99 रुपये में मिलेगी।

पहले हफ्ते में रोजाना 50 करोड़ तक की कमाई

5 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ ने शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। पहले सप्ताह में फिल्म की रोजाना कमाई करीब 48 से 50 करोड़ रुपये या उससे अधिक रही। दूसरे सप्ताह में भी फिल्म का प्रदर्शन जारी रहा और प्रतिदिन का कलेक्शन 20 करोड़ रुपये से ऊपर बना रहा।

हालांकि, तीसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई में गिरावट आने लगी। सोमवार 23 नवंबर को फिल्म का कलेक्शन घटकर करीब 12 करोड़ रुपये रह गया। रिलीज के 19 दिन बाद दर्शकों की संख्या में आई कमी को देखते हुए मेकर्स ने टिकट की कीमत कम करने का फैसला किया है।

मंगलवार को 99 रुपये में मिलेगी टिकट

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर 99 रुपये की टिकट का ऐलान किया। पोस्ट में दर्शकों को गुरु पर्व की शुभकामनाएं देते हुए लिखा गया, ‘आज मंगलवार को रामायण को बड़े पर्दे पर देखें सिर्फ 99 रुपये में। आप सबको गुरु पर्व की शुभकामनाएं।’

इस ऑफर के जरिए मेकर्स को उम्मीद है कि कम कीमत पर टिकट मिलने से ज्यादा दर्शक सिनेमाघरों का रुख करेंगे। अब देखना होगा कि टिकट की कीमत घटाने का असर फिल्म की कमाई पर कितना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button