अंबेडकरनगर। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी प्राथमिकताओं में कब्रिस्तानों की बाउंड्री का निर्माण शामिल था, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के साथ विरासत को संवारने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 50 हजार मठों, मंदिरों और गुरुद्वारों का जीर्णोद्धार कराया गया है।
डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने ये बातें टांडा और अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा की बैठकों में वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति सबका सम्मान करने की है, लेकिन किसी का तुष्टीकरण नहीं किया जाता।
कांवड़ यात्रा और कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
प्रदेश उपाध्यक्ष ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यात्रा के दौरान पत्थरबाजी की घटनाएं होती थीं, लेकिन भाजपा सरकार में कांवड़ यात्रियों पर फूल बरसाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडों और माफिया का प्रभाव था। प्रयागराज में अतीक अहमद के आतंक का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों को पांच प्रतिशत तक गुंडा टैक्स देना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में ऐसी स्थिति समाप्त हुई है और कानून का राज स्थापित हुआ है।









