अंबेडकरनगर। सीएम डैशबोर्ड पर विकास और राजस्व कार्यों की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं की स्थिति जानी। साथ ही निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने और लंबित कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लंबित आवेदनों पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैंकर्स से समन्वय स्थापित कर आवेदनों का जल्द निस्तारण कराने और पात्र आवेदकों को ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नरहरपुर कंपोजिट विद्यालय का काम 30 नवंबर तक पूरा करने का अल्टीमेटम
डीएम ने मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय नरहरपुर, भीटी में शेष निर्माण कार्यों को 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को तय समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूरा कराने पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों की फीडिंग की होगी नियमित निगरानी
पोषण अभियान की समीक्षा में डीएम ने आईसीडीएस विभाग को पोर्टल पर फीडिंग की प्रगति सुधारने के निर्देश दिए। इसके लिए सीडीपीओ का आंगनबाड़ी केंद्रवार रोस्टर जारी करने और नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने सभी केंद्रों पर समय से फीडिंग सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति में सुधार लाने को कहा।









