- सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक हुआ अभ्यास
- विमान से जुड़ी आपात स्थिति में एजेंसियों की तत्परता और आपसी तालमेल की जांच
लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को इमरजेंसी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस अभ्यास में विमान से जुड़ी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा गया। इस दौरान राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ विभिन्न एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया का भी परीक्षण किया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, यह फुल स्केल एयरोड्रोम इमरजेंसी एक्सरसाइज पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई। इसके लिए NOTAM यानी नोटिस टू एयरमेन भी जारी किया गया था।
आपातकालीन एजेंसियों ने लिया हिस्सा
मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट पर तैनात विभिन्न आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान यह जांचा गया कि विमान से जुड़ी किसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू किए जा सकते हैं।
इसके साथ ही एजेंसियों की कार्यप्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय को भी परखा गया। अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना था।
एजेंसियों की तत्परता और समन्वय की हुई जांच
मॉक ड्रिल के दौरान यह देखा गया कि आपात सूचना मिलने पर संबंधित टीमें कितनी जल्दी सक्रिय होती हैं और किस तरह एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर काम करती हैं। इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपात स्थिति के दौरान संभावित चुनौतियों की पहचान करने और तैयारियों को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।









