
कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत 15 अप्रैल तक बढ़ाई
हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग, पुलिस ने चार्जशीट की तैयारी पूरी की
हत्या के बाद उत्तराखंड घूमने गए थे दोनों, सोशल मीडिया पर एक्टिव रहे
पुलिस की जांच में हुआ खुलासा, जल्द होगी चार्जशीट दाखिल
मेरठ। मेरठ में हुए चर्चित सौरभ हत्याकांड में जेल भेजे गए आरोपी साहिल और मुस्कान को बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को 14 दिन बाद देखा। जेल सूत्रों के अनुसार, साहिल को देखते ही मुस्कान की आंखों से आंसू छलक पड़े।
कोर्ट ने बढ़ाई न्यायिक हिरासत
दोनों की न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने के कारण वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हुई। इस दौरान न्यायालय ने दोनों से उनके नाम पूछे और कुछ सवाल किए। इसके बाद अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत को 15 अप्रैल तक बढ़ाने का आदेश दिया। पेशी के बाद मुस्कान को महिला बैरक और साहिल को पुरुष बैरक में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में दोनों समान रूप से दोषी
मेरठ पुलिस ने इस हत्याकांड की चार्जशीट तैयार कर ली है और इसे जल्द ही अदालत में पेश करने की तैयारी है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे किसी तांत्रिक प्रक्रिया का हाथ नहीं था, बल्कि यह पूरी तरह प्रेम संबंधों का मामला था। जांच में यह भी सामने आया कि मुस्कान पहले भी साहिल के साथ भाग चुकी थी, जिससे परेशान होकर सौरभ ने तलाक लेने का फैसला किया था।
हत्या की खौफनाक साजिश
हत्या की साजिश लंबे समय से रची जा रही थी। मुस्कान ने चाकू, ड्रम और नींद की गोलियां खरीदी थीं, जबकि साहिल ने सीमेंट की व्यवस्था की थी। हत्या के दिन मुस्कान ने सौरभ के दिल पर चाकू रखा और साहिल ने वार किया। बाद में शव के टुकड़े किए गए और उन्हें सीमेंट से भरे ड्रम में डाल दिया गया।
हत्या के बाद वे घूमने चले गए
हत्या के बाद दोनों उत्तराखंड घूमने चले गए ताकि किसी को शक न हो। मुस्कान सोशल मीडिया पर एक्टिव रही और लगातार पोस्ट डालती रही जिससे लगे कि वे सामान्य जीवन बिता रहे हैं।
जब खुला राज
18 मार्च को सौरभ के छोटे भाई राहुल को मुस्कान पर शक हुआ। वह उसके घर पहुंचा और साहिल को वहां देखा। घर के अंदर से बदबू आ रही थी। जब पुलिस पहुंची तो हत्याकांड का खुलासा हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।






