- 2023 में ट्रोल, 2025 में हीरो- यश दयाल ने जीता करोड़ों दिल
- धोनी को आउट कर दिलाई आरसीबी को जीत, यश दयाल की शानदार वापसी
- विराट कोहली ने बढ़ाया हौसला, यश दयाल ने किया कमाल
बेंगलुरु। कहते हैं समय कभी एक जैसा नहीं रहता, और क्रिकेट के मैदान पर ये कहावत एक बार फिर सच साबित हुई। आईपीएल 2023 में आलोचनाओं का सामना कर चुके तेज गेंदबाज यश दयाल ने अब उसी आत्मविश्वास के साथ मैदान में वापसी की है, जिसने उन्हें पहले ट्रोल का शिकार बनाया था।
3 मई को खेले गए रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए यश दयाल ने आखिरी ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 15 रन डिफेंड करते हुए टीम को 2 रन से जीत दिलाई। यही नहीं, उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का विकेट लेकर मैच का रुख ही बदल डाला।
विराट कोहली ने बढ़ाया हौसला
मैच के बाद यश दयाल के पिता चंद्रपाल दयाल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि जब यश मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब विराट कोहली ने उनका मनोबल बढ़ाया और लगातार उनका साथ दिया। उन्होंने बताया, “यश का आत्मविश्वास टूट चुका था, लेकिन विराट ने उसे संबल दिया। वह उनके साथ बात करता और प्रेरित करता रहता था।”
2023 की हार, 2025 की जीत
2023 का वो मुकाबला हर क्रिकेट प्रेमी को याद होगा जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अंतिम ओवर में रिंकू सिंह ने यश दयाल की गेंदों पर लगातार पांच छक्के जड़कर गुजरात टाइटंस से मैच छीन लिया था। उस हार के बाद सोशल मीडिया पर यश को खूब ट्रोल किया गया था, यहां तक कि उनके करीबी रिश्तेदारों ने भी व्हाट्सएप ग्रुप में मीम्स शेयर किए थे।








