भारतीय एयर स्ट्राइक पर लखनऊ में खुशी का माहौल

  • एयर स्ट्राइक के बाद लखनऊ में खुशी की लहर
  • विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रों ने मनाया जश्न
  • छात्रों ने सेना के साहस को बताया गर्व का क्षण

लखनऊ। पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना की सफल एयर स्ट्राइक के बाद देशभर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। राजधानी लखनऊ भी इस गौरवपूर्ण क्षण में पीछे नहीं रही। शहर के कई इलाकों में लोगों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में भी छात्रों ने देश की इस सैन्य कार्रवाई को वीरता की मिसाल बताया। विद्यार्थियों ने सरकार से POK को भारत में शामिल करने की भी मांग की।

छात्रों का उत्साह: सेना के पराक्रम को बताया गर्व का क्षण

लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि “रात 12:38 पर जब सेना ने आतंकी अड्डों पर हमला किया, तो ऐसा महसूस हुआ जैसे पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा हो गया हो। पाकिस्तान ने भारत को चैलेंज किया था और हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मन की छाती पर वार कर उसका मुंहतोड़ जवाब दिया।”

उन्होंने कहा कि भारत हमेशा शांति चाहता है लेकिन जब बात देश की सुरक्षा की हो, तो ‘छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं’ का सिद्धांत हर बार सच साबित होता है।

पाकिस्तान को 1971 की याद दिलाई

प्रत्युष पांडेय ने कहा कि पाकिस्तान को 1971 की लड़ाई से सबक लेना चाहिए। जिस प्रकार से उस युद्ध में बांग्लादेश का गठन हुआ, वैसा ही हाल आज फिर से न हो जाए। उन्होंने बलूचिस्तान के मुद्दे पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पाकिस्तान को अब शांति के रास्ते पर चलना चाहिए।

POK को लेकर छात्रों की आवाज़ बुलंद

विश्वविद्यालय के छात्र विवेक मिश्रा ने सरकार से मांग की कि अब समय आ गया है जब POK को भी भारत में मिलाया जाए।

Back to top button