बेवाना में बनेगा सीआईएसएफ का नया ठिकाना

22.50 करोड़ की मंजूरी से खुला रास्ता

  • अम्बेडकरनगर में 14वीं वाहिनी की स्थापना की तैयारी तेज, 49.99 एकड़ जमीन खरीद की प्रक्रिया होगी शुरू

अम्बेडकरनगर। जिले में सुरक्षा और औद्योगिक विस्तार से जुड़ी एक बड़ी परियोजना अब जमीन पर उतरने की ओर बढ़ गई है। अकबरपुर तहसील के बेवाना क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की 14वीं वाहिनी स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है।

उत्तर प्रदेश शासन ने बटालियन के लिए प्रस्तावित भूमि खरीद को लेकर 22.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। बजट मंजूर होने के बाद अब जिला प्रशासन भूमि खरीद और अन्य प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाएगा।

सात साल की कवायद के बाद मिली मंजूरी

बेवाना में सीआईएसएफ बटालियन स्थापित करने की योजना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे परियोजना के समय से चल रही थी। करीब सात वर्षों से इसके लिए जमीन चयन की प्रक्रिया जारी थी।

सितंबर 2025 में अकबरपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर बेवाना क्षेत्र में 49.99 एकड़ भूमि का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसे पुलिस मुख्यालय के माध्यम से शासन को भेजा गया था। अब शासन की स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के अगले चरण की तैयारी शुरू होगी।

20.2330 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा परिसर

शासन के आदेश के अनुसार ग्राम बेवाना तहसील अकबरपुर में 20.2330 हेक्टेयर यानी करीब 49.99 एकड़ भूमि खरीदी जाएगी। इसके लिए स्वीकृत 22.50 करोड़ रुपये जिला प्रशासन के सिविल डिपॉजिट खाते में जमा कराए जाएंगे।

यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से उपलब्ध कराई जाएगी और इसका उपयोग 31 मार्च 2027 तक किया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button