
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति 5.0 (चरण–2) के तहत शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव और जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कन्या सुमंगला योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं स्पॉन्सरशिप योजना के लाभार्थी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए लैपटॉप दिए गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि इन बच्चों को हर महीने 4 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है, ताकि उनका पालन-पोषण और शिक्षा जारी रह सके।
योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग, एनआरएलएम और शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्वयं सहायता समूह योजना, पढ़े बेटियां–बढ़े बेटियां, समग्र शिक्षा अभियान और रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा योजना शामिल रहीं।
अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को मजबूत करना है।
कानूनी जागरूकता और हेल्पलाइन जानकारी
कार्यक्रम में महिला घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, बाल सेवा अधिनियम 2006 और लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही 1930, 1090, 112, 1098, 108 और 101 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में बताया गया।
प्रेरक अनुभव और संदेश
स्वयं सहायता समूह की सदस्य सुमन ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बदलाव आया है। महिला कॉन्स्टेबल ने भी महिलाओं को जागरूक रहने और अपने अधिकारों को पहचानने की सलाह दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केंद्र और एंटी रोमियो स्क्वॉड की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









