फायर विभाग में शिकायतों पर बड़ी जांच

प्रभारी निरीक्षक समेत कई कर्मचारी जांच के दायरे में

  • एसपी के निर्देश पर सीओ सिटी को सौंपी गई जांच
  • वायरल वीडियो और लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती समेत कई बिंदुओं की होगी पड़ताल
अंबेडकरनगर। जिले के फायर विभाग में लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद विभागीय स्तर पर बड़ी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर फायर विभाग के प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा समेत कई कर्मचारियों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जा रही है। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में सीओ सिटी नीतीश कुमार को सौंपी गई है, जो जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजेंगे।
कई कर्मचारियों के नाम जांच के दायरे में
सूत्रों के अनुसार जांच के दायरे में प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा के अलावा चालक महेश मिश्रा, सिपाही सुनील मौर्य, राहुल मौर्य, रामविलास, आशीष दुबे समेत करीब आठ कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। अधिकारियों तक विभिन्न शिकायतें पहुंचने के बाद पूरे मामले की जांच कराने का निर्णय लिया गया।
लंबे समय से तैनाती और वायरल वीडियो भी जांच का हिस्सा
जानकारी के अनुसार चालक महेश मिश्रा की लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती भी जांच के प्रमुख बिंदुओं में शामिल है। चर्चा है कि वह करीब 24 से 25 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं। यह भी कहा जा रहा है कि उनका अन्य जनपद में स्थानांतरण होने के बावजूद उन्होंने वहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
इसी तरह सिपाही सुनील मौर्य और राहुल मौर्य से जुड़े वायरल वीडियो भी जांच के दायरे में शामिल किए गए हैं। राहुल मौर्य के एक वायरल वीडियो में सिलेंडर से संबंधित गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए गए थे। इन सभी पहलुओं की जांच कर तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button