अंबेडकरनगर। भीटी तहसील क्षेत्र के भिखारीपुर ग्राम पंचायत में सोमवार को ग्राम न्यायालय भीटी की ओर से एकदिवसीय मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इसमें सुनवाई के लिए नियत 28 पत्रावलियों में से 11 का निस्तारण किया गया।
ग्राम न्यायालय के लिपिक प्रिंस कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल कोर्ट का आयोजन उच्चतम न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किया गया। इसका उद्देश्य वादी-प्रतिवादियों की समस्याओं का गांव के स्तर पर समाधान करना और मामलों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया को गति देना है।
मोबाइल कोर्ट में पेशकार शिवराम शुक्ला, लिपिक प्रिंस कुमार सिंह, स्टेनो निकेत कुमार, अर्दली दिनेश कुमार, कार्यालय चपरासी अमित उपाध्याय, पैरोकार भीटी अनुराग मौर्य और पैरोकार महरुआ संतोष कुमार मौजूद रहे। इस दौरान अधिवक्ता जीत नारायण राय, आशुतोष पांडे, विवेक दुबे और दिवाकर पांडे सहित अन्य अधिवक्ता, वादी और प्रतिवादी भी उपस्थित रहे।









