सैन फ्रांसिस्को। दुनिया के बड़े टेक दिग्गजों और अरबपतियों के बीच खेती और पशुपालन का शौक तेजी से बढ़ रहा है। अमेरिका में कृषि भूमि अब सिर्फ खेती की जरूरत नहीं रह गई है, बल्कि अमीर निवेशकों के लिए बड़ा निवेश और भविष्य की सुरक्षा का साधन भी बनती जा रही है।
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग हवाई के काउआई द्वीप पर करीब 4,000 एकड़ के कोउलाउ रेंच में वाग्यू और एंगस नस्ल के मवेशी पाल रहे हैं। इस जमीन की कीमत करीब 2,871 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं रेडिट के सह-संस्थापक एलेक्सिस ओहानियन फ्लोरिडा स्थित अपने फार्म पर केले की खेती और मधुमक्खी पालन कर रहे हैं।
बिल गेट्स और बेजोस के पास भी बड़ी जमीन
‘द लैंड रिपोर्ट’ के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स के पास करीब 2.75 लाख एकड़ कृषि भूमि है। इसके साथ वह अमेरिका के बड़े भूस्वामियों में शामिल हैं।
अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस के पास करीब 4.62 लाख एकड़ जमीन बताई गई है। वहीं वॉलमार्ट परिवार से जुड़े स्टेन क्रोनके के पास करीब 27 लाख एकड़ जमीन है। क्रोनके ने 2025 में न्यू मैक्सिको में 9.38 लाख एकड़ जमीन खरीदी थी, जिसे अमेरिका के इतिहास की सबसे बड़ी रैंच बिक्री में से एक बताया गया।
इन जमीनों पर अलग-अलग राज्यों में आलू, गाजर, प्याज, सोयाबीन, मक्का और कपास जैसी फसलें उगाई जाती हैं। कुछ जमीन किसानों को लीज पर भी दी जाती है।









