लखनऊ। राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम-सी ब्लॉक स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया और बाद में पौधरोपण भी किया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संजय राय और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार ने गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का स्वरूप और पहचान पूरी तरह बदल चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और निवेश के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 से भी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
पंकज चौधरी ने यह भी कहा कि पार्टी श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के तहत बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसे कभी भी राजनीतिक उद्देश्य से इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि इसे समाज को जोड़ने और जागरूक करने का माध्यम बनाया है।









