छठ महापर्व आज से शुरू, 40 लाख लोग बिहार लौटे

11 किमी लंबे घाट पर होगी पूजा, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य

नई दिल्ली। लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार से शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इसका समापन होगा। छठ को लेकर बिहार से लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिहार में सभी प्रमुख छठ घाटों को सजाया गया है। दावा किया जा रहा है कि देश के दूसरे राज्यों से करीब 40 लाख लोग छठ मनाने के लिए अपने घर बिहार लौट चुके हैं।

नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय पर्व

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा से होती है। इस दिन व्रती स्नान कर घर की साफ-सफाई करते हैं और शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसके बाद अगले दिन खरना किया जाता है। खरना के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।

तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button